एक उद्यमी की डायरी से
एक उद्यमी की डायरी से
देसी स्वाद, ताजगी और विरासत
केक का चलन आज हमारी जीवन शैली का एक अभिन्न हिस्सा बन चुका है। जन्मदिन हो या कोई विशेष अवसर, केक काटना अब केवल पाश्चात्य परंपरा नहीं रहा, बल्कि खुशी मनाने का एक लोकप्रिय अंदाज़ बन गया है।
एक दिन मेरे मन में विचार आया—जब केक हमारी खुशियों का हिस्सा बन ही गया है, तो क्यों न इसमें अपने देशी स्वाद की मिठास भी घोली जाए? क्यों न विदेशी अंदाज़ के इस केक को भारतीय स्वाद और हमारी पारंपरिक मिठाइयों का देसी तड़का दिया जाए?
इसी सोच के साथ मैंने पहली बार रसमलाई को केक के साथ आज़माने का प्रयोग किया। घर पर तैयार की गई केसर, बादाम और पिस्ते वाली रसमलाई को केक के स्पंज पर सजाया और उसे खूबसूरती से प्रस्तुत किया। मन में थोड़ा संशय भी था—पता नहीं लोगों को यह नया स्वाद पसंद आएगा या वे कहेंगे, “यह आपने क्या कर दिया?”
लेकिन परिणाम मेरी उम्मीद से कहीं अधिक सुखद था। रसमलाई केक ने बाकी सभी केक की माँग को पीछे छोड़ दिया। यह मेरे लिए केवल एक स्वादिष्ट प्रयोग की सफलता नहीं थी, बल्कि इस बात का विश्वास भी था कि हमारी पारंपरिक मिठाइयों में आधुनिक रूप लेने की अद्भुत क्षमता है।
इसके बाद बारी थी गुलाब और गुलकंद की।
बगीचे में खिले ताज़ा गुलाब की पंखुड़ियों को देखकर एक नया विचार आया। जिस गुलकंद का स्वाद कभी हमारी पारंपरिक मिठाइयों और पान की पहचान हुआ करता था, शायद आज की नई पीढ़ी उससे उतनी परिचित नहीं है। क्यों न उसी गुलकंद को केक के साथ जोड़कर एक नया स्वाद रचा जाए?
और फिर तैयार हुआ गुलाब-गुलकंद केक।
गुलाब की खुशबू, गुलकंद की मिठास और केक की आधुनिक प्रस्तुति ने ऐसा स्वाद रचा कि यह भी लोगों की पसंद बन गया।
इन प्रयोगों ने मुझे एक बात सिखाई—**नया हमेशा विदेशी ही हो, यह जरूरी नहीं। नया हमारे अपने स्वाद, अपनी मिट्टी और अपनी परंपरा से भी जन्म ले सकता है।** आवश्यकता केवल इतनी है कि हम अपनी विरासत को नए अंदाज़ में प्रस्तुत करने का साहस रखें।
और अब, इस जन्माष्टमी पर एक नया स्वाद लगातार मेरे दिमाग में घूम रहा है—माखन-मिश्री और पंजीरी का फ्लेवर।
आज ही हम अपने सीनियर कारीगर से इस बारे में बात कर रहे थे। सोच रहा हूँ कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्माष्टमी से जुड़े इन पारंपरिक प्रसादों को केक के रूप में किस तरह प्रस्तुत किया जाए। माखन की कोमलता, मिश्री की मिठास और पंजीरी की अपनी विशिष्ट खुशबू—अगर इन सबको सही संतुलन के साथ केक में उतारा जा सके, तो शायद एक और देसी स्वाद जन्म ले सकता है।
और इसके बाद शायद जलेबी का जलवा भी देखने को मिले!
देखना है कि हमारी गरमागरम, रस से भरी जलेबी को केक की आधुनिक दुनिया में किस अंदाज़ में उतारा जाए। कौन जाने, अगली बार बाज़ार में सबसे ज्यादा चर्चा “जलेबी केक” की ही हो!
लेकिन स्वाद के इन प्रयोगों के साथ मेरे लिए एक और बात उतनी ही महत्वपूर्ण है—ताजगी।
आज भी दीपक उतना ही काम करवाते हैं कि रात के लगभग 9 बजे हमें ग्राहक से हाथ जोड़कर कहना पड़ता है—
“अब कल फ्रेश लीजिएगा।”
सुबह से शुरू हुआ काम, शाम लगभग 4 बजे पैकिंग के बाद माल बाहर आता है और रात 9 बजे तक वह पूरा बिक जाना चाहिए। यह केवल काम करने का तरीका नहीं है; यह हमारे परिवार की एक पुरानी परंपरा और सिद्धांत है। मैंने पापा जी को अक्सर यह कहते हुए सुना है कि हमें एक ग्राहक से ₹100 नहीं कमाने 100 ग्राहक से ₹100 कमाने हैं ।
यह मेरे पापा जी का सिद्धांत था।
उनके पास बड़े-बड़े प्लांट से टाइअप करने के प्रस्ताव आए। इससे उत्पादन बढ़ सकता था, माल बड़ी मात्रा में तैयार हो सकता था और शायद कारोबार का आकार भी तेजी से बढ़ता। लेकिन पापा जी ने साफ मना कर दिया। 8 बाई 8 के कमरे से शुरू हुई उनके सपनों की बेकरी आकार में भले ही बहुत बड़ी ना हो पर गुणवत्ता और विश्वास के आसमान को स्पर्श करती है! उनका कहना था—
“नहीं। हमारे कस्टमर हम पर विश्वास करते हैं। वे हमारे काउंटर से जो लेंगे, फ्रेश लेंगे।”
उस समय शायद यह निर्णय व्यावसायिक दृष्टि से सामान्य न लगा हो, लेकिन आज समझ में आता है कि कारोबार केवल उत्पादन और बिक्री का नाम नहीं है। कारोबार की सबसे बड़ी पूँजी ग्राहक का विश्वास है।
किसी ग्राहक को रात में यह कहना कि “आज नहीं है, कल फ्रेश मिलेगा”—पहली नज़र में शायद बिक्री का नुकसान लगता हो, लेकिन वास्तव में यही उस विश्वास की रक्षा है, जिस पर वर्षों में कोई व्यवसाय खड़ा होता है।
हमारे लिए फ्रेशनेस केवल उत्पाद की विशेषता नहीं, बल्कि एक वादा है।
और शायद यही वजह है कि आज जब हम नए-नए स्वादों के प्रयोग करते हैं, तो हमारे सामने केवल एक सवाल नहीं होता कि “क्या नया बनाया जाए?”
एक सवाल यह भी होता है—
क्या इसे उसी ताजगी, उसी गुणवत्ता और उसी विश्वास के साथ ग्राहक तक पहुँचा पाएँगे?
मेरे लिए उद्यमिता का अर्थ सिर्फ कुछ नया बनाना नहीं है। उद्यमिता का अर्थ है—नई सोच को अपनी जड़ों से जोड़ना और पुराने विश्वासों को पूरी ईमानदारी से आगे बढ़ाना।
रसमलाई से लेकर गुलाब-गुलकंद तक, माखन-मिश्री और पंजीरी से लेकर आने वाले जलेबी के प्रयोग तक—मेरी कोशिश सिर्फ केक बनाने की नहीं है।
मेरी कोशिश है कि विदेशी केक में देसी स्वाद, अपनी मिट्टी की खुशबू और भारतीय मिठास घुले।
और साथ ही, पापा जी से मिले उस सिद्धांत को भी जीवित रखा जाए—
ग्राहक हमारे काउंटर से जो ले, वह सिर्फ स्वादिष्ट ही नहीं, ताजा भी हो।
क्योंकि नए स्वाद बनाए जा सकते हैं, नए उत्पाद गढ़े जा सकते हैं, कारोबार को बड़ा किया जा सकता है…
लेकिन विश्वास—वह कमाया जाता है।
अन्य लोकप्रिय उत्पाद
सूचना स्रोत एवं सृजक
सौजन्य से- भारत बेकरी (since 1964)
"We serve you deserve"
बड़बिल (ओडिशा)
प्रस्तुति
सहयोग














बेहद खूबसूरत विचार है आपके हर्षा जी और नये प्रयास भी सराहनीय हैं।
जवाब देंहटाएं